हमीरपुर। जिला हमीरपुर के चार छात्र राष्ट्रीय इंस्पायर मॉडल प्रतियोगिता में भाग लेंगे। पिछले वर्ष फरवरी माह में राज्यस्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें बेहतर मॉडल प्रस्तुत करने पर राष्ट्रीय स्तर के लिए इन बच्चों का चयन किया गया। मॉडल को और बेहतर बनाने के लिए सरकार ने बच्चों को सहायता राशि भी प्रदान की है। राष्ट्र स्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी प्रतियोगिता के लिए प्रदेश भर के 18 बच्चे चयनित हुए हैं। यह प्रतियोगिता दिल्ली में 14 और 15 फरवरी तक आयोजित की जाएगी।
सोलन में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता पिछले वर्ष फरवरी माह में आयोजित की गई थी। इसमें सूबे के 18 बच्चों का मॉडल बेहतर रहने पर इनका चयन राष्ट्रीय इंस्पायर अवार्ड मानक विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी प्रतियोगिता के लिए किया गया। इन 18 बच्चों मेें हमीरपुर जिला के 4 बच्चे शामिल हैं। इसमें राजकीय माध्यमिक पाठशाला बगारटी की छात्रा रिया, हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकासनगर का छात्र सूर्यांश, भगवती पब्लिक स्कूल जलाड़ी की छात्रा श्रेया कटोच, राजकीय उच्च पाठशाला लोहाखर की छात्रा मीनाक्षी शामिल हैं। इस संबंध में जिला विज्ञान पर्यवेक्षक अश्वनी चंबयाल ने कहा कि जिले के चार छात्र राष्ट्रीय इंस्पायर मॉडल प्रतियोगिता में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि इन छात्रों को मॉडल और बेहतर बनाने के लिए सहायता राशि भी प्रदान की गई।