बिझड़ी (हमीरपुर)। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से सन राइस पब्लिक स्कूल सोहारी में संचालित की जा रही क्रिकेट अकादमी के लिए खिलाड़ियों का चयन 21 अक्तूबर को होगा। अब ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को क्रिकेट में अपना भविष्य बनाने का सुनहरा मौका घर द्वार पर ही मिलेगा। प्रधानाचार्य विजय लखनपाल ने कहा कि खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया 21 अक्तूबर को सुबह 9 बजे से शुरू की जाएगी। इसमें कुल 30 खिलाड़ी चयनित किए जाएंगे।
चयन प्रक्रिया के दौरान एचपीसीए के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। चयन प्रक्रिया में 10 से 16 साल के लड़के और लड़कियां ही भाग ले सकेंगी। इसमें लड़कियों और गरीब बच्चों के लिए प्रशिक्षण पूरी तरह से मुफ्त रहेगा जबकि, अन्य खिलाड़ियों से त्रैमासिक 1200 रुपये फीस ली जाएगी। जिला हमीरपुर में कुल 5 क्रिकेट अकादमी हमीरपुर, जाहू, बणी, डेरापरोल और सनराइस पब्लिक स्कूल सोहारी में चलाई जा रही हैं। अकादमी में चयनित खिलाड़ियों के बीच अंतर अकादमी टूर्नामेंट करवाया जाएगा। इसमें से जिलास्तर की टीम चयनित की जाएगी। खिलाड़ियों के लिए वर्दी और खेल का सारा सामान एचपीसीए द्वारा उपलब्ध करवाया जाएगा। चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को आयु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, वोनाफाइड और दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है।