हमीरपुर। सुजानपुर और बड़सर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 3 से 7 सितंबर और 10 से 14 सितंबर 2018 को विशाल बहु विशेषज्ञ शल्य चिकित्सा कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। सीएमओ हमीरपुर डॉ. सावित्री कटवाल ने इन शिविरों के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दे दिए हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय जगोता ने बताया कि इन कैपों में ऑपरेशन भी मुफ्त किए जाएंगे। जिनमें पित्ते की पथरी, बच्चेदानी का ऑपरेशन, हर्निया, शरीर के किसी भाग में गांठ, अपेंडिक्स, आंखों में मोतिया बिंद, आंखों की छोटी समस्याओं के उपचार के लिए सर्जरी, बच्चेदानी में किसी समस्या के समाधन के लिए सर्जरी, रसौली, नलबंदी, नसबंदी सहित कई तरह के बड़े ऑपरेशन आकाश अस्पताल के विशेषज्ञों डॉक्टरों की टीम करेगी।
ऑपरेशन से पहले सभी तरह की जांच, लैब टेस्ट, अल्ट्रासाउंड आदि मुफ्त किए जाएंगे। सुजानपुर में कैंप के लिए 27 अगस्त से मरीजों की स्क्रीनिंग की जा रही है। ऑपरेशन के लिए 2 सितंबर तक सुजानपुर अस्पताल में बीएमओ डॉ संजय भारद्वाज से संपर्क कर सकते हैं। बड़सर अस्पताल में पंजीकरण 3 से 9 सितंबर तक होगा। किसी भी क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति इन कैंपों में अपना मुफ्त ऑपरेशन करवा सकते हैं। जिला जनशिक्षा एवं सूचना अधिकारी सतीश शुक्ला ने बताया कि सरकार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आकाश अस्पताल के साथ एमओयू साइन किया है। उन्होंने लोगों से इस मौके का भरपूर लाभ उठाने का आग्रह किया है।