हमीरपुर। पोषण अभियान के तहत प्रदेश के पांच जिलों के कर्मचारियों की ट्रेनिंग होगी। इस ट्रेनिंग के लिए कर्मचारियों को किताबें वितरित की जाएंगी। किताबें पढ़कर कर्मचारी अभियान से जुड़ी विभिन्न बातों का अध्ययन करेंगे और लोगों को अभियान के संबंध में जागरूक करेंगे। ट्रेनिंग के लिए कर्मचारियों को दी जाने वाली किताबों की खेप जिला बाल विकास अधिकारी के कार्यालय में पहुंच गई है। अब विभागीय कर्मचारियों को यह किताबें वितरित की जाएंगी और अभियान के तहत उनकी ट्रेनिंग होगी। इन किताबों में पोषण अभियान से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों और कुपोषण मुक्ति से संबंधित जानकारी होगी।
इस अभियान के तहत प्रदेश के पांच जिलों शिमला, सोलन, चंबा, ऊना और हमीरपुर के विभागीय कर्मियों की ट्रेनिंग होगी। इस ट्रेनिंग में सीडीपीओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, वृत्त पर्यवेक्षकों और आशा वर्कर्स को ट्रेनिंग दी जाएगी। ट्रेनिंग प्राप्त करने के बाद विभाग के यह कर्मचारी आंगनबाड़ी केंद्रों में ह माह की 15 तारीख को आयोजित होने वाले पोषण दिवस में लोगों को पोषण अभियान और संतुलित आहार के बारे में जागरूक करेंगे। इस संबंध में सीडीपीओ हमीरपुर बलवी बिरला का कहना है कि विभागीय कर्मचारियों को कुपोषण अभियान के तहत ट्रेनिंग मिलेगी। इसके लिए किताबों से भी कर्मचारियों को जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। जानकारी प्राप्त करने के बाद कर्मचारी आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित होने वाले पोषण दिवस में लोगों को जागरूक करेंगे।