हमीरपुर। जिला पुलिस हमीरपुर के लिए आवंटित 84 पदों के लिए साक्षात्कार की तिथियों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। यह साक्षात्कार 22 अप्रैल से लेकर 25 अप्रैल तक पुलिस लाइन हमीरपुर में निर्धारित तिथियों को सुबह आठ बजे से शुरू होंगे। यदि किसी अभ्यर्थी को साक्षात्कार के लिए बुलावा पत्र नहीं मिलता है तो वह निर्धारित तिथि को सुबह आठ बजे साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
अभ्यर्थियों को अपने साथ तीन पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ, दसवीं और बारहवीं कक्षा का प्रमाणपत्र, हिमाचली स्थायी प्रमाणपत्र, आरक्षित वर्ग का प्रमाणपत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड, बीपीएल प्रमाणपत्र, चालक के पदों के लिए ड्राइविंग लाइसेंस की मूल और सत्यापित फोटोकॉपी साथ में लाना अनिवार्य है। जिला हमीरपुर में पुलिस कांस्टेबल के कुल 84 पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में जिला के 1202 युवा उत्तीर्ण हुए हैं। इनमें 1075 पुरुष और 127 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। लेकिन मेरिट के आधार पर 210 पुरुष और 20 महिलाओं को साक्षात्कार के लिए कॉल लेटर जारी हुए हैं। 84 पदों में पुरुष अभ्यर्थियों के 58, महिला अभ्यर्थियों के 15 और चालकों के 11 पद भरे जाने हैं। सरकार से साक्षात्कार को मंजूरी मिलने के बाद छह माह से भर्ती के इंतजार में बैठे हजारों युवाओं को राहत मिली है। पुलिस कांस्टेबल के 1073 पदों को भरने के लिए साक्षात्कार को सरकार की मंजूरी मिलने के बाद जिला पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा का कहना है कि 84 पदों के लिए साक्षात्कार की तिथियों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। यह साक्षात्कार 22 अप्रैल से लेकर 25 अप्रैल तक पुलिस लाइन हमीरपुर में निर्धारित तिथियों को सुबह आठ बजे से शुरू होंगे।