निजी स्कूल प्रबंधक बच्चों की सुरक्षा पर दें ध्यान : एसडीएम
चालकों का मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट होना अनिवार्य
अमर उजाला ब्यूरो
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के निजी स्कूल प्रबंधकों को एसडीएम बड़सर विशाल शर्मा ने बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बस चालकों के पास मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट की अनिवार्यता के साथ ही सरकार की ओर से निर्धारित मापदंडों की अनुपालना करने को कहा। बुधवार को एसडीएम विशाल शर्मा ने कार्यालय में उपमंडल के निजी स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों के साथ बैठक की। इसमें 32 स्कूल प्रबंधकों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
एसडीएम ने नूरपुर बस हादसे के प्रति संवेदना प्रकट की और स्कूल प्रबंधकों को बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए सरकार की ओर से निर्धारित मापदंडों की अनुपालना सुनिश्चित करने की बात कही। इसमें बसों के अंदर जीपीआरएस सिस्टम लगाने, स्पीड ब्रेकर लगाने, सीसीटीवी कैमरा स्थापित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्कूल में सभी बसों के रजिस्ट्रेरशन नंबर और बसों की फिटनेस की तारीख, चालकों के लाइसेंस नंबर, उनकी वैधता की तारीख और ट्रांसपोर्ट मैनेजर एवं उनका मोबाइल नंबर सूचना पट्ट पर अंकित करने के बारे निर्देश दिए। इसके साथ ही बसों में जितनी बैठने की क्षमता है उससे ज्यादा बच्चे बस में न बैठाने, बसों की स्पीड 40 किमी प्रति घंटा से अधिक नहीं होनी चाहिए। जिन स्कूलों के पास अपने वाहन सुविधा न हो और जो किराए के वाहनों के माध्यम से बच्चों को स्कूल लाते और ले जाते हैं, उन्हें उस वाहन मालिक के साथ अनुबंध करने के निर्देश दिए गए। प्रतिनिधियों ने स्कूलों के पास स्पीड ब्रेकर लगाने, साइन बोर्ड लगाने, सड़कों के तंग मोड़ों को चौड़ा करने और सड़क किनारे असुरक्षित पेड़ों को कटवाने का आग्रह किया गया। एसडीएम ने सभी सुझावों को लागू करने के लिए संबंधित विभाग को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में निजी स्कूल एसोसिएशन के प्रधान राजेश शर्मा, कुलदीप धीमान, आरके राणा, सुनील कुमार, रमेश शर्मा, संजीव कुमार, नीलम ठाकुर, राकेश शर्मा, राजेंद्र कुमार, विजय लखनपाल, राजेश कुमार, संतोष कुमार, अंजना कुमारी, रामकृष्ण, अशोक कुमार सहित काफी संख्या अभिभावक उपस्थित रहे।