टौणी देवी (हमीरपुर)।
स्वाहल पंचायत के मझोट गांव में महिला मंडल सदस्यों ने जिला परिषद सदस्य ईशा कुमारी की अगुवाई में शराब के ठेका के बाहर प्रदर्शन किया। गांव की करीब सौ महिलाओं ने ठेका संचालक, प्रशासन और विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
महिला मंडल की प्रधान बबली देवी का कहना है कि ठेका के विरोध में महिला मंडल सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में महिलाओं ने रोष प्रकट किया कि स्वाहल गांव से ठेका उठाकर गांव मझोट में खोल दिया गया है। महिलाओं ने कहा कि मझोट में ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा। इससे कॉलेज और स्कूल जाने वाले छात्रों पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। इसके पहले भी शराब का ठेका गांव में खोला गया था। उस दौरान भी शराबी रात भर गांव में हुड़दंग मचाते थे। अब दोबारा ठेका खुलने से स्थिति वैसी ही हो जाएगी। महिलाओं ने प्रस्ताव पारित किया कि मझोट गांव में ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा। अगर प्रशासन और विभाग ने ठेका को बंद नहीं करवाया तो महिलाएं उग्र आंदोलन करेंगी। इसकी जिम्मेवारी विभाग और प्रशासन की होगी।
महिलाओं का कहना है कि जब जिप सदस्य की अगुवाई में उपायुक्त हमीरपुर को इस बारे में ज्ञापन सौंपा तो उन्होंने स्वाहल पंचायत में ठेका नहीं खुलने का आश्वासन दिया था। इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रधान हंसराज, महिला मंडल लोअर मझोट की प्रधान नीलम कुमारी, वार्ड सदस्य राकेश कुमार, उपभोक्ता संरक्षण संगठन के महासचिव मनोहर लाल कानूनगो, बीडीसी सदस्य शिल्पा कुमारी, केसरी देवी, राजकुमारी, राजो देवी, प्रोमिला, सुमना देवी, शिल्पा, दामोदरी देवी, कांता, सुमन देवी, इंदू बाला, रेखा देवी, कुसुमलता, कृष्णी देवी सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।