हमीरपुर। ग्राम पंचायत बाड़ी फरनोल में हमीर उत्कर्ष योजना का शुभारंभ शनिवार को उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला प्रदेश का सबसे साक्षर जिला है। परंतु लिंगानुपात में काफी पीछे है, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत इस पंचायत में नई जन्म लेने वाली बेटियों को जिला प्रशासन द्वारा उनके नाम 21 हजार रुपये की बैंक में एफडी और उनकी शादी पर 21 हजार रुपये की आर्थिक मदद मुहैया करवाई जाएगी। इसके साथ ही उनके घर के पास सोलर लाइट व पक्के रास्ते का निर्माण किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि इस पंचायत में सभी घरों के बाहर जिला प्रशासन महिला मुखिया के नाम की पट्टिका लगाएगा। उपायुक्त ने सभी उपस्थित महिलाओं से इस अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस मौके पर उपायुक्त ने घर के बाहर महिला मुखिया के नाम की पट्टिका भी लगाई। राजकीय उच्च पाठशाला बाड़ी फरनोल के मुख्याध्यापक विजय गौतम ने जिला प्रशासन के साथ पहल करते हुए कहा कि जब भी कोई बेटी उनके स्कूल में दाखिला लेगी तो वह अपनी ओर से बेटी के नाम 51 सौ रुपये और और यदि उसे सरकारी मेडिकल कॉलेज में दाखिला मिलता है तो वह 51 हजार रुपये देंगे। उपायुक्त ने नई जन्मी बेटियों के नाम एफडी भी करवाई। जिला कार्यक्रम अधिकारी टीआर आचार्य ने महिलाओं के कल्याणार्थ चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। पंचायत प्रधान चंपा देवी ने पंचायत में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर एसडीएम अरिंदम चौधरी, बीडीओ अस्मिता ठाकुर, तहसीलदार मित्रदेव, बीडीसी सदस्य कल्पना चोपड़ा, बाल विकास परियोजना अधिकारी मोनिका नैंटा सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।