हमीरपुर। गांधी चौक हमीरपुर में वन वे ट्रैफिक नियमों की अवहेलना पर पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक ने ट्रैफिक कंट्रोल रूम से इस बारे में रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही गांधी चौक पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों को ड्यूटी से हटाने के फरमान जारी किए हैं। वन वे ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वाले दोनों बाइक सवार पुलिस कर्मियों से भी जवाब तलब किया है। साथ ही मोटरसाइकिल का चालान काटने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को सुबह सवा दस बजे गांधी चौक पर दो बाइक सवार पुलिसकर्मी वन वे ट्रैफिक नियम को तोड़ते हुए सब्जी मंडी से उपायुक्त कार्यालय की तरफ चले गए। इस दौरान मौके पर बेरिकेट्स पर तैनात दो ट्रैफिक कर्मियों ने उन्हें रोकने के बजाय उन्हें प्रतिबंधित मार्ग से जाने दिया। वहीं मौके पर खड़े लोगों ने इसका विरोध भी किया। बावजूद पुलिस वर्दी पहने पुलिस विभाग के दो कर्मचारी बेरिकेट्स से निकल गए। शहरवासियों विमल शर्मा, अविनाश ठाकुर और प्रदीप ठाकुर का कहना है कि जब कानून के रखवाले ही कानून को तोड़ेंगे तो आम जनता से क्या उम्मीद लगाई जाएगी। ट्रैफिक पुलिस शहर में नो पार्किंग और आम जनता के चालान करने तक ही सीमित रह गई है। उधर, पुलिस अधीक्षक रमन मीणा ने कहा कि वह सोमवार को शिमला में मीटिंग में थे लेकिन उनके ध्यान में यह मामला आया है। रिपोर्ट मांगी गई है, दोषियों पर चालान के साथ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई होगी।