हमीरपुर। जिलास्तरीय सीएंडवी अध्यापक संघ की बैठक गसोता महादेव मंदिर में जिला प्रधान सुरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्यातिथि जिला कार्यकारिणी के वरिष्ठ उपप्रधान सुरेंद्र पठानिया रहे। इस मौके पर जिला प्रधान सुरेंद्र कुमार व संघ के सदस्यों ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। बैठक में जिला के सभी खंडों से संघ के पदाधिकारियों व अध्यापकों ने भाग लिया। सभा में खंड हमीरपुर से प्रधान कर्म चंद, बिझड़ से दलेर चंद, सुजानपुर से होशियार सिंह, भोरंज से राम सिंह एवं नादौन से देशराज जबकि अध्यापक पवन कुमार, कमल राज, सुनील दत्त, रमेश चंद, विपिन कुमार, रमेश कुमार, विजय कुमार आदि उपस्थित रहे।
बैठक में कई निर्णय सर्वसम्मति से पारित किए गए। इस दौरान संघ ने प्रदेश सरकार तथा विभाग से डीएलएड प्रशिक्षण को निरस्त करने की मांग की। संघ ने प्रदेश सरकार द्वारा 8 फीसदी अंतरिम राहत तथा 3 फीसदी अतिरिक्त महंगाई भत्ते देने की घोषणा का आभार व्यक्त किया। संघ ने कहा कि भविष्य में डीएलएड के जो केंद्र स्थापित किए जाएं वे खंड स्तर पर खंड परियोजना अधिकारी के अधीनस्थ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में हों। संघ ने शिक्षा बोर्ड द्वारा बैठक न बुलाए जाने पर रोष व्यक्त किया है। संघ ने प्रदेश के सभी स्कूलों में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एसएसए तथा आरएमएसए की मांग की। संघ ने दसवीं की बोर्ड परीक्षा में हिंदी भाषा विषय को महत्व देने के लिए इसे नंबर एक पर रखने पर खुशी व्यक्त की है।