हमीरपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हमीरपुर के सौजन्य से ग्राम हटेरा के बाशिंदों के लिए भोटा के शिव मंदिर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश हमीरपुर पदम सिंह ठाकुर ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों व महिलाओं को विधिक सेवा प्राधिकरण मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। जिसके लिए आवेदक को सादे कागज पर प्रार्थना पत्र देना होता है। पदम ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को कानूनी जानकारी एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी हो इसके लिए समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन ग्रामीण स्तर पर किया जाता है। इससे पहले मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अभय मंडयाल ने मौलिक अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्य, बाल मजदूरी, संसद में बनाए कानून का पालन, तहसीलदार बड़सर अजय ठाकुर ने तकसीम, निशानदेही, प्रमाण पत्र, प्रधानाचार्य रेनू कौशल विद्यालय में मिलने वाली छात्रवृत्ति, मिड डे मील, निशुल्क बस यात्रा आदि, सुरेश कुमार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना, जननी सुरक्षा व अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग सहायक अभियंता प्रदीप कुमार ने पेयजल उपयोग, पेयजल की महता, जल संरक्षण के बारे में जानकारी दी। लोक निर्माण विभाग से अरविंद लखनपाल ने ई-टेंडरिंग, सरकारी भवनों के निर्माण के आवश्यक रखरखाव निर्माण पर विस्तृत जानकारी दी।