सुजानपुर(हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के आधा दर्जन गांवों में पांच दिनों से पेयजल की सप्लाई नहीं हुई है। पेयजल किल्लत के कारण लोगों को प्राकृतिक जलस्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है। विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर की पंचायत भेरड़ा के गांव बगलू, घोड़ लंबर, लंबरी आदि सहित आधा दर्जन गांवों में बीते सप्ताह से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। पानी की सप्लाई नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभाग पेयजल आपू्र्ति न होने के पीछे तकनीकी होने का तर्क दे रहा है।
रोजाना विभागीय टीम खराबी का पता करने गांवों का दौरा कर रही है, लेकिन समस्या का समाधान न करके बैरंग ही वापस जा रही है। पानी न आने के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों में बलवीर राठौर, अनीता कुमारी, सत्या देवी, प्रेमचंद, राकेश कुमार, भूपेंद्र सिंह का कहना है कि पेयजल की ऐसी समस्या पहली बार देखने को मिली है। समस्या से छुटकारा कब मिलेगा इसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। ग्रामीणों ने विभागीय टीम पर आरोप लगाते हुए कहा कि रोजाना टीम कार्य करने आ रही है, लेकिन समस्या क्या है उन्हें पता नहीं चल पाया है। लोगों का कहना है कि पानी की समस्या शीघ्र हल नहीं हुई तो लोगों को मजबूरन धरना प्रदर्शन करना पड़ेगा। उधर इस संबंध में आईपीएच विभाग के एक्सईएन नीरज भोगल का कहना है कि समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।