धनेटा (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के धनेटा कस्बा में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार में तंग मार्ग होने के कारण वाहन चालकों को पास लेने की समस्या बनी रहती है। नादौन, कांगू, गलोड़ की ओर से बंगाणा, ऊना व बड़सर मैहरे की ओर इस कस्बा से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। बाजार का करीब आधा किलोमीटर भाग इतना तंग है कि वाहनों को आपस में क्रॉसिंग करने के लिए जगह ही नहीं मिलती है।
लोगों का कहना है कि वर्ष 2012 में भाजपा सरकार के कार्यकाल में धनेटा के पास बंगाणा की ओर जाने के लिए सुरंग बनाने का कार्य तो शुरू करने की बात कही गई थी, लेकिन पांच वर्ष बीत जाने के बाद भी वह कार्य शुरू नहीं हुआ। लोगों ने अब इस सुरंग के निर्माण के लिए एक बार फिर से प्रदेश की नई भाजपा सरकार से उम्मीद लगाई है। लोगों में अनिल शर्मा, अमित कुमार, सोनू कुमार, सुभाष शर्मा, प्रदीप कुमार, अमर सिंह, सुरेंद्र कुमार, अमन कुमार, नानक चंद, राजेश कुमार, साहिल कुमार,हैप्पी कुमार आदि ने मांग की है कि बाजार के दोनों ओर ट्रैफिक लाइटें लगाई जाएं और पुलिस कर्मी की तैनाती भी की जाए। उधर, एसपी हमीरपुर रमण कुमार मीणा का कहना है कि समस्या समाधान के प्रयास किए जाएंगे।