हमीरपुर। तहसीलदार हमीरपुर की अगुवाई में बुधवार को नगर परिषद और पुलिस विभाग के कर्मचारियों ने शहर में अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा। जिला प्रशासन ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए तहसीलदार की अध्यक्षता में नगर परिषद और पुलिस विभाग के कर्मचारियों की एक कमेटी गठित की है। शहर में अतिक्रमण हटाने की सूचना मिलते ही कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई से पहले ही अपना सामान सड़क से उठाकर दुकान के भीतर रख लिया। जैसे-जैसे नगर परिषद और पुलिस के कर्मचारी आगे बढ़ते गए, पीछे से दुकानदारों ने पूर्व की भांति सामान सड़क पर सजा लिया। जिससे जिला प्रशासन की अतिक्रमण हटाओ मुहिम महज औपचारिकता ही साबित हो रही है। जिला मुख्यालय हमीरपुर में गांधी चौक से लेकर भोटा चौक तक सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण के कारण मार्ग काफी सिकुड़ गया है।
यही हाल भोटा चौक से ज्वालामुखी की तरफ मुख्य मार्ग पर पैट्रोल पंप नालटी रोड तक है। दुकानदारों ने फुटपाथ पर सामान सजा रखा है। शहरवासियों अश्वनी पठानिया, संजू चौधरी, दिनेश शर्मा, सुधीर शर्मा और राहुल पठानिया ने कहा कि अतिक्रमण के कारण राहगीरों को सड़कों पर चलने को मजबूर होना पड़ता है। जिससे हर वक्त हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि इसे औपचारिकता न बनाकर रूटीन में कार्रवाई अमल में लाई जाए और अतिक्रमण करने वालों का सामान जब्त किया जाए। उधर, नगर परिषद के ईओ विनोद शर्मा ने कहा कि बुधवार को शहर में अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की गई है। शहर में अतिक्रमण को बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।