हमीरपुर। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में 20 दिसंबर से उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू होगा। उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन 31 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों को छुट्टियां नहीं होंगी। छात्रों को इस दौरान कॉलेज आना पड़ेगा। अध्यापकों के मूल्यांकन कार्य में व्यस्त होने के कारण कॉलेज में कक्षाएं कम लगेंगी। वहीं कई अध्यापकों द्वारा मूल्यांकन से फ्री होने के बाद कक्षाएं ली जाएंगी। इस कारण कॉलेज छात्र असमंजस में फंस गए हैं।
छात्रों का कहना है कि अगर कॉलेज आते हैं और कक्षाएं नहीं लगती हैं तो परेशानी झेलनी पड़ सकती है। न कॉलेज में पढ़ाई हो पाएगी और न ही घर में बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे। वहीं कौन अध्यापक कक्षाएं लेगा इसका पता भी नहीं चल पाएगा। कॉलेज में कई विषयों की कक्षाएं लगेंगी तो कइयों की नहीं। मूल्यांकन के दौरान कॉलेज खुला रहेगा तथा छात्रों को छुट्टियां नहीं होंगी। इस कारण रोजाना कॉलेज आना पड़ेगा जिससे परेशानी हो सकती है। उधर, कॉलेज प्राचार्य एचएस जंवाल का कहना है कि कॉलेज में उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य 20 से 31 दिसंबर तक चलेगा। इस मध्य छात्रों को छुट्टियां नहीं होगी। अध्यापक फ्री होने के बाद या जिन अध्यापकों की ड्यूटी मूल्यांकन में नहीं होगी वह कक्षाएं लेंगे।