नादौन(हमीरपुर)।
स्थानीय केंद्रीय विद्यालय रैन बसेरा में चल रहा है। दसवीं तक करीब 456 विद्यार्थी इस स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। लेकिन अपना भवन न होने के चलते स्कूली बच्चों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल भवन के लिए केेंद्रीय विद्यालय संगठन के नाम पर उपमंडल के गगाल में पशु चिकित्सालय के समीप जमीन भी ट्रांसफर हो चुकी है। इसके अलावा स्कूल भवन निर्माण के लिए 18.50 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं, जो लोक निर्माण विभाग के पास जमा हो चुके हैं।
इसके बावजूद अभी तक स्कूल भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इसके चलते इस स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल में न तो नियमों के अनुसार क्लासरूम हैं, न पुस्तकालय और न ही साइंस और कंप्यूटर लैब। स्कूल में सेवारत अध्यापकों के बैठने की भी कोई उचित व्यवस्था नहीं। रैन बसेरा में चल रहे स्कूल भवन परिसर में चाहरदीवारी न होने से शरारती तत्वों का हर वक्त डर सताता रहता है।
अभिभावकों ने केंद्रीय विद्यालय संगठन से शीघ्र नए स्कूल भवन के निर्माण की मांग की है। स्कूल के प्रिंसिपल बनीता परासरिया का कहना है कि स्कूल प्रशासन की तरफ से नए भवन को लेकर सारी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। बजट और जमीन की औपचारिकताएं भी पूरी हैं, शीघ्र स्कूल भवन के निर्माण के लिए कहा जाएगा।