हमीरपुर। जिला हमीरपुर में एक पुलिस कांस्टेबल समेत 13 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। डॉ. राधा कृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल हमीरपुर से देर रात प्राप्त जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। इसमें तीन भोरंज चिकित्सा खंड से, तीन नादौन और तीन बिझड़ी, 4 हमीरपुर के मामले शामिल हैं। सभी कोरोना संक्रमितों को कोविड-19 केयर सेंटर में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।
कोरोना संक्रमितों के इन 13 नए मामलों के साथ जिला में कोरोना संक्रमितों की संख्या 389 हो गई है। जबकि स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 309 और सक्रिय मामलों की संख्या 76 हो गई है।
इसमें चिकित्सा खंड भोरंज के तहत गांव दाड़ी का रहने वाला 45 वर्षीय व्यक्ति, गांव चंबेह का रहने वाला 11 वर्षीय बच्चा, पट्टा करयाना का रहने वाला 35 वर्षीय व्यक्ति, चिकित्सा खंड बिझड़ी में बिहार से आए 35, 22 व 18 वर्षीय तीन लोग, चिकित्सा खंड नादौन के तहत अरुणाचल प्रदेश से लौटे जोलसप्पड़ गांव के रहने वाला 30 वर्षीय युवक, लुधियाना से लौटा गांव कुठराली का युवक, जलाड़ी की रहने वाली 45 वर्षीय महिला, गांव गब्बा की रहने वाली 61 वर्षीय महिला, पुलिस विभाग में सेवारत दिल्ली से लौटा मसियाणा का रहने वाला 50 वर्षीय व्यक्ति, बोहणी का रहने वाला 41 वर्षीय व्यक्ति और लुधियाना से लौटा गांव खिड़की का रहने वाला 24 वर्षीय युवक शामिल है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि सभी 13 कोरोना संक्रमितों को कोविड-19 केयर सेंटर भेजने की तैयारी चल रही है।
---