हमीरपुर। जिला मुख्यालय के मेन रोड पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई। इस टक्कर के कारण कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई, जबकि खंभे के पास बैठे दुकानदार और मजदूर इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बचे। टक्कर के बाद कार चालक और उसमें सवार एक युवक कार को घटनास्थल पर छोड़कर मौके से फरार हो गए। वहीं टक्कर के बाद कार सड़क पर खड़ी रही। जिस कारण जिला मुख्यालय में करीब एक घंटा जाम लगा रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्जकर कार को सड़क से हटाकर जाम को खुलवाया।
वीरवार दोपहर करीब ढाई बजे नादौन चौक की तरफ से बस स्टैंड की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक खंभे से टकरा गई। इस दौरान खंभे के पास कुर्सी लगाकर बैठे दो लोग इसकी चपेट में आने से बच गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। वहीं, कार चालक और उसमें सवार एक अन्य युवा इस टक्कर में सुरक्षित है। टक्कर के बाद कार के एयर बैग खुल गए। जिससे सवारों को कोई चोट नहीं आई। कार से टक्कर मारने के बाद इसमें सवार दोनों युवा मौके से फरार हो गए। वहीं इस टक्कर के बाद मुख्य रोड पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने कार को हटवाकर जाम को खुलवाया। वहीं पुलिस चौकी बस स्टैंड हमीरपुर के प्रभारी सोहन सिंह का कहना है कि पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और मौके से भागने का मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।