हमीरपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमीरपुर इकाई ने सोमवार को छात्रों की समस्याओं को लेकर उपायुक्त कार्यालय हमीरपुर के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर समस्याओं के समाधान को लेकर आवाज बुलंद की। इसके बाद उपायुक्त हमीरपुर डॉ. रिचा वर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन भेजकर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
एबीवीपी ने ज्ञापन में छात्र संघ चुनावों को बहाल करने, नौणी विश्वविद्यालय में हुई फीस वृद्धि को वापस लेने, रूसा के तहत हायर एजूकेशन काउंसिल का जल्द गठन करने, निजी विवि द्वारा छात्रवृत्तियों में की गई धांधलियों की जांच करने, नियामक आयोग के निदेशक के भ्रष्टाचार के आरोप सामने आने पर निदेशक को बर्खास्त करने, रिटायर्ड अधिकारियों को दोबारा नौकरी बंद करने, महाविद्यालयों में टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ के पदों को भरने, जल्द भूमि चयन कर सेंट्रल यूनिवर्सिटी का निर्माण करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि इन सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए, ताकि छात्रों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। एबीवीपी के जिला संयोजक सचिन लगवाल ने कहा कि प्रदेशभर में एबीवीपी ने मांगों को लेकर उपायुक्तों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने कहा कि सरकार से मांगों को पूरा करने की अपील की गई है।