हमीरपुर। खराब परीक्षा परिणाम पर जिला के स्कूल प्रभारियों को शिक्षा विभाग ने नोटिस जारी कर दिए हैं। जिला के 30 स्कूलों का दसवीं और बारहवीं का परीक्षा परिणाम 25 फीसदी रहा है। इसमें 12 स्कूलों का बारहवीं और 18 स्कूलों का दसवीं का परीक्षा परिणाम खराब रहा है। पिछले साल की अपेक्षा इस बार इन स्कूलों का परीक्षा परिणाम काफी खराब रहा है। परीक्षा परिणाम खराब रहने पर विभाग ने स्कूल मुख्याध्यापक और प्रधानाचार्य समेत अध्यापकों से जवाब मांगा है। मार्च माह में हुई दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं का परीक्षा परिणाम अप्रैल और मई माह में आ गए थे।
इसमें जिला के 30 स्कूलों का परीक्षा परिणाम काफी खराब रहा। इन 30 स्कूलों के 25 फीसदी बच्चे ही पास हो पाए। परीक्षा परिणाम खराब रहने से स्कूल प्रबंधन और अध्यापकों के पढ़ाने पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल विभाग ने स्कूलों से जवाब मांगा है। इसके बाद ही पता चलेगा कि स्कूलों में किस कमी के कारण परीक्षा परिणाम अच्छा नहीं रहा है। जिला में 161 सरकारी उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल हैं। हालांकि शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों में शिक्षा के स्तर को ऊंचा करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं, लेकिन इसके बाद भी स्कूलों का परीक्षा अच्छा नहीं रहा है। इस संबंध में उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर सोमदत्त सांख्यान का कहना है कि जिला के 30 स्कूलों का दसवीं और बारहवीं का परीक्षा परिणाम खराब रहा है। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए गए हैं।