हमीरपुर। लौंगणी मुठान पेयजल योजना के फिल्टर पंप उखड़ जाने के कारण पूरे हमीरपुर शहर की पेयजल सप्लाई ठप हो गई है। इस कारण लोगों को पानी के लिए ठोकरें खानी पड़ रही है। तीन दिन पहले सुजानपुर के पास स्थित लौंगणी मुठान पेयजल योजना के रॉ वाटर फिल्टर पंप सिल्ट जम जाने के कारण उखड़ गए। इस कारण पेयजल योजना से पानी की सप्लाई ठप हो गई। तीन दिन से पानी न मिलने के कारण लोगों में हाहाकार मची हुई है। नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड तीन, चार और छह के बाशिंदों में गोपाल, अश्वनी शेट्टी, रामस्वरूप, रिंकू, अभिषेक और कुलदीप आदि का कहना है कि तीन दिन से पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं।
शहर में बीते तीन दिन से पानी की एक बूंद तक नहीं टपकी है। इस कारण स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नलों में पानी न आने के कारण लोग हैंडपंपों का मटमैला पानी पीने को मजबूर हैं। पेयजल के अभाव में लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। वहीं हैंडपंप से भी मटमैला पानी निकल रहा है। लोगों का कहना है कि इस समस्या के बारे में विभागीय अधिकारियों को भी अवगत करवाया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। लोगों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर रोष व्यक्त किया है। उधर, आईपीएच विभाग हमीरपुर के कनिष्ठ अभियंता सुखदेव का कहना है कि लौंगणी मुठान पेयजल योजना के कोल्डर पंप उखड़ जाने के कारण समस्या आई है। रविवार को पंपों की मरम्मत कर सप्लाई सुचारु कर दी है।