हमीरपुर। जिला हमीरपुर में सत्ता परिवर्तन के बाद एक पद पर दो-दो जिला विज्ञान पर्यवेक्षक, प्रधानाचार्य और एसडीओ डटे हुए हैं। शिक्षा विभाग में जिला विज्ञान पर्यवेक्षक, डाइट में प्रिंसिपल और भोरंज आईपीएच उपमंडल में एसडीओ तीनों जगह दो-दो अधिकारी एक पद पर सेवाएं दे रहे हैं। इन पदों पर जहां नई सरकार के समय ट्रांसफर होकर आए अधिकारी ज्वाइन कर चुुके हैं तो वहीं पूर्व सरकार में तैनात अधिकारी कोर्ट से स्टे लेकर बैठे हुए हैं। जिससे जहां सरकारी खजाने को चपत लग रही है।
वहीं इन विभागों का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। संबंधित अधिकारियों के कार्यालय के अधीनस्थ स्टाफ से लेकर लोग परेशान हो रहे हैं। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक के पद पर तैनात अश्वनी चंबियाल का तबादला हो गया। इसके बाद जिला के एक सरकारी स्कूल के अध्यापक सुधीर चंदेल की जिला विज्ञान पर्यवेक्षक के पद पर तैनाती हो गई। लेकिन अश्वनी चंबियाल ने प्रशासनिक ट्रिब्यूनल से स्टे ले लिया। इसके बाद सुधीर चंदेल का तबादला दोबारा स्कूल में हुआ। इस पर सुधीर ने कोर्ट से स्टे ले लिया। अब जिला विज्ञान पर्यवेक्षक के पद पर दो अधिकारी सेवाएं दे रहे हैं। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक के कार्यालय के एक कमरे में दो अधिकारियों के टेबल और कुर्सियां लगी हैं। दोनों अधिकारी एक कार्यालय के एक कमरे में बैठ रहे हैं। इस कारण अन्य कर्मचारी असमंजस में हैं। वहीं दो अधिकारी एक कार्यालय में होने से कार्यालय का कार्य भी सुचारु नहीं चल रहा है।
इस संबंध में कार्यकारी उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा देश राज का कहना है कि दोनों ही अधिकारी कार्यालय में सेवाएं दे रहे हैं। कोर्ट के फैसले के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।