थोक व्यापारी परचून व्यापारियों को दें पक्का बिल : नीना
विभाग की निरीक्षक ने किया उप सब्जी मंडी नादौन का औचक निरीक्षण, व्यापारियों में मचा हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो
नादौन(हमीरपुर)। खाद्य आपूर्ति विभाग की निरीक्षक नीना कुमारी ने शुक्रवार सुबह उप सब्जी मंडी नादौन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण की खबर सुनते ही सब्जी मंडी के व्यापारियों में हड़कंप मंच गया। करीब एक किलोमीटर दूर शहर के बाजारों में दुकानदारों ने तुरंत रेट लिस्टें अपनी दुकानों के बाहर टांगना आरंभ कर दीं। सब्जी मंडी में नीना कुमारी ने सभी व्यापारियों की दुकानों में रेट लिस्ट की जांच की तथा उन्हें सख्त हिदायत दी कि रोजाना समय पर रेट लिस्ट दुकान के बाहर लगी होनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने सब्जियों के वितरण में प्लास्टिक के प्रयोग पर कड़ी आपत्ति जताई और चेतावनी दी कि यदि कोई भी दुकानदार प्लास्टिक का प्रयोग करता हुआ पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होगी।
नीना कुमारी ने व्यापारियों को निर्देश दिए कि जब भी वह परचून दुकानदारों को सामान देते हैं तो उन्हें पक्का बिल दिया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा न करने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके उपरांत नीना कुमारी ने शहर भर में खाद्य पदार्थ तथा सब्जी आदि की दुकानों पर भी दबिश दी। उन्होंने यह पदार्थ बेचने वाले दुकानदारों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी। नीना कुमारी का कहना है कि कई दिनों से शिकायत मिल रही थी कि थोक व्यापारी सामान देते समय परचून व्यापारियों को पक्का बिल नहीं दे रहे। वहीं सब्जी मंडी में प्लास्टिक का प्रयोग हो रहा है। इस आधार पर यह औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा समय-समय पर निरीक्षण किया जाता है ताकि सभी व्यापारी नियमों का उचित तरीके से पालन करें।