हमीरपुर। सर्कल हमीरपुर के अधीन पंजाब नेशनल बैंक के चार दर्जन एटीएम बंद पड़ गए हैं। पीएनबी के यह एटीएम आउटसोर्स पर एक कंपनी के पास थे। सालों से संबंधित कंपनी आउटसोर्स पर हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर जिला में इन एटीएम का संचालन कर रही थी। लेकिन पर्याप्त राजस्व न मिलने से कंपनी ने इन एटीएम को चलाने से हाथ खड़े कर दिए हैं। जिसके चलते अब ग्राहकों को भारी परेशानी से जूझना पड़ रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक कंपनी को हर माह एक एटीएम से 100 हिट्स चाहिए थे। प्रति हिट्स कंपनी को फायदा होता है।
हिट्स में नकदी की निकासी, बैलेंस चेक करना, पैसे ट्रांसफर करना और मिनी स्टेटमेंट समेत अन्य कई तरह की ट्रांजेक्शन शामिल हैं। लेकिन हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर जिले में स्थापित एटीएम से कंपनी को हिट्स नहीं मिल रहे थे। एटीएम को बंद किए जाने के पीछे का कारण एटीएम का बढ़ता खर्च बताया है। जिसके चलते कंपनी ने इन एटीएम को बंद कर दिया है। अब पंजाब नेशनल बैंक प्रबंधन ने ग्राहकों की सहूलियत को देखते हुए अपने स्तर पर इन एटीएम के संचालन का निर्णय लिया है। एक तरफ नोटबंदी के बाद से देश डिजिटल होता चला जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ नोटबंदी के चलते पंजाब नेशनल बैंक ने हमीरपुर मंडल में 48 एटीएम बंद कर दिए हैं। पीएनबी को अग्रणी बैंक माना गया है। हमीरपुर, बिलासपुर व ऊना जिलों में पीएनबी की कुल 94 शाखाएं काम कर रही हैं। इसके अलावा हमीरपुर मंडल में पीएनबी के 70 एटीएम वर्तमान में काम कर रहे हैं। एटीएम बंद होने के बाद लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हमीरपुर जिला में ही अमरोह, चबूतरा, अणु सहित एक दर्जन एटीएम बंद होने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
इस बारे में पंजाब नेशनल बैंक के हमीरपुर मंडल प्रमुख सुबोध काला ने बताया कि बंद पड़े एटीएम को पीएनबी शीघ्र अब अपने स्तर पर चालू कर देगा। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स पर रखी गई कंपनी और बैंक के बीच नवंबर माह में टाई-अप खत्म होने के कारण कंपनी अपने एटीएम को बंद कर चुकी है। इस मामले को बैंक प्रबंधन ने उच्च स्तर पर उठाया है। सुबोध काला ने कहा कि पीएनबी हमेशा ग्राहकों को बेहतर सुविधा देने के लिए प्रयास करता है।