नादौन(हमीरपुर)। प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार के नादौन अस्पताल में औचक निरीक्षण के अगले ही दिन से ही निर्माणाधीन भवन का कार्य बंद हो गया है। सात जनवरी को स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने नादौन अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। आनन-फानन में मंत्री के आने से पूर्व न केवल यहां पर काफी मात्रा में लेबर उपलब्ध थी, बल्कि धड़ा-धड़ सामान भी ढोया जा रहा था। इससे पूर्व काम ठप पड़ा हुआ था। इसी कार्यप्रणाली की शिकायत स्थानीय लोगों ने उस समय मंत्री से की थी। जिसके उपरांत ही परमार ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। लोगों का आरोप था कि गत पांच वर्षों में इस निर्माणाधीन भवन का कार्य ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। क्योंकि इस भवन का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने किया था।
अब सरकार के बदलने के बाद लोगों को उम्मीद है कि अब कार्य तेजी से होगा। उनकी यह उम्मीद उस समय पक्की हो गई जब स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने मौका पर ही विभाग को आदेश दिए कि आगामी एक वर्ष के भीतर इस निर्माणाधीन भवन का कार्य पूर्ण किया जाए। परंतु अगले ही दिन आठ जनवरी को लोग उस समय हैरान हो गए जब उन्हें पता चला कि कार्य में तेजी लाने के बजाय काम पर आया ही कोई नहीं था। अब लोगों का कहना है कि यदि इसी गति से कार्य होता रहा तो आगामी पांच वर्ष में भी भवन का कार्य पूर्ण नहीं हो सकेगा। इस संबंध में जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. सवित्री कटवाल का कहना है कि विभाग ने इस कार्य की जिम्मेवारी लोक निर्माण विभाग को सौंप दी है। वहीं लोक निर्माण विभाग के एसडीओ वासुदेव ठाकुर का कहना है कि कार्य ठेकेदार द्वारा किया जा रहा है। डेढ़ वर्ष में कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।