अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर।
बार-बार की चेतावनी के बावजूद जिला मुख्यालय में अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। दुकानदार सड़कों और फुटपाथों पर सामान और होर्डिंग्स सजा रहे हैं। इस कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़कों, नालियों और फुटपाथों पर सामान सजा कर जिला मुख्यालय के दुकानदार नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। हालांकि नगर परिषद और पुलिस प्रशासन की ओर से अतिक्रमण पर लगाम कसने के लिए समय-समय पर कार्रवाई भी की जाती है, लेकिन कार्रवाई के दौरान दुकानदार सामान को दुकानों में रख लेते हैं। कार्रवाई खत्म होने के बाद दुकानदार फिर सामान को वैसे ही सजा देते हैं।
जिला मुख्यालय में सब्जियों की दुकान करने वाले दुकानदारों ने नालियों और सड़क पर सब्जियां सजाई हैं। कई दुकानों और होटलों के बाहर फुटपाथ पर होर्डिंग्स लगाए हुए हैं। फुटपाथ पर एक तरफ होर्डिंग्स और दूसरी तरफ सड़क होने के कारण राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इससे दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। नियमों की अवहेलना करने वालों पर प्रशासन स्थायी कार्रवाई नहीं करता है। इस कारण अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने प्रशासन से अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई है। ईओ नप हमीरपुर विनोद शर्मा का कहना है कि अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्रशासन समय-समय पर कार्रवाई करता है। नियमों की अवहेलना करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।