हमीरपुर। जिले के सरकारी उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के छात्र इस बार मतदान के दौरान प्राइमरी स्कूलों में सेवाएं नहीं देंगे। इन स्कूलों के छात्र अपने स्कूल में स्थापित मतदान केंद्र में ही तैनात रहेंगे। वहीं, मतदान केंद्रों में छात्र सुबह 8 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक ड्यूटी देंगे। दूर-दराज स्थित मतदान केंद्रों मेें जाने के लिए छात्रों को आने वाली परेशानियों को देखते हुए विभाग की ओर से यह निर्णय लिया गया है। सरकारी प्राइमरी स्कूलों में बनाए गए मतदान केंद्रों में इस बार उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के छात्र तैनात नहीं किए जाएंगे। उच्च व वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में बनाए गए मतदान केंद्रों में दो-दो छात्र तैनात रहेंगे। यह छात्र दिव्यांग और वृद्ध लोगों आदि की मतदान करने के लिए सहायता करेंगे।
इन छात्रों के लिए दोपहर के भोजन का प्रबंध किया जाएगा। पूर्व में उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के छात्राओं की ड्यूटी मतदान के दौरान प्राइमरी स्कूलों में लगती थी। छात्र प्राइमरी स्कूलों में अपनी सेवाएं देते थे लेकिन, इस बार के लोकसभा चुनावों में ऐसा नहीं होगा। छात्र इस बार अपने- अपने स्कूल ही सेवाएं देंगे। उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में पढ़ने के लिए रोजाना बच्चे आते हैं। छात्र स्कूल से अच्छी तरह परिचित होते हैं। इससे उन्हें कोई परेशानी नहीं होती है। दूरदराज स्थित प्राइमरी स्कूलों में ड्यूटी लगा देने से छात्रों को आने-जाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसमें कोई भी समस्या पेश आ सकती है। इस संबंध में उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर जसवंत सिंह ने कहा कि इस बार मतदान के दौरान छात्र अपने-अपने स्कूल में ड्यूटी देंगे। छात्रों की किसी दूसरे स्कूल में ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी।