सुजानपुर (हमीरपुर)। ग्रामीण विकास, पंचायती राज, पशुपालन एवं मत्स्य पालन मंत्री विरेंद्र कंवर ने शनिवार को सुजानपुर विस क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास किए। उन्होंने ग्राम पंचायत बैरी में लगभग साढ़े चार लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पंचायत घर भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत खैरी के जंगलबैरी में दो करोड़ 56 लाख की लागत से 153 कनाल भूमि पर निर्मित होने वाले गोसदन और ग्राम पंचायत जंदरू में 8 लाख 50 हजार की लागत से बनने वाले पंचायत घर के भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत खैरी में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गोवंश संवर्धन के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं। भूमि की उपलब्धता अनुसार गो अभयारण्य स्थापित किए जा रहे हैं।
जंगलबैरी में बनने वाले गोसदन में 400 पशुओं के पालन की व्यवस्था की जाएगी। यहां तूड़ी के लिए शेड निर्मित किए जाएंगे और केंचुआ खाद बनाने तथा बायोगैस उत्पादन की व्यवस्था भी की जाएगी। प्रदेश में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत लगभग साढ़े सात लाख किसानों को पंजीकृत किया जा चुका है। सरकार ने दूध खरीद मूल्य में भी दो रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। मत्स्य क्षेत्र में भी ट्राउट मछली उत्पादन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आगामी वित्तीय वर्ष में 550 अतिरिक्त व्यक्तियों को रोजगार का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने संपूर्ण स्वच्छता अभियान में बेहतर कार्य करने पर मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत महिला मंडल री भलाणा, जोल, तनेकड़, चौकी, दरसाल, टिहरा, बैरी, पटलांदर, राजनगर, मरहाना, मंढेतर और भारथु को सम्मानित किया। वहीं हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत 98 परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन भी वितरित किए गए। ग्राम पंचायत खैरी में पंचायत घर के निर्माण को 20 लाख तथा पंचायत घर बैरी में टाइलें लगाने और शेड के निर्माण के लिए पांच लाख की अतिरिक्त राशि प्रदान करने की भी घोषणा की। जंदरू पंचायत घर का निर्माण 25 लाख रुपये से किया जाएगा।