नादौन (हमीरपुर)। स्थानीय एसडीएम कार्यालय से ऐतिहासिक गुरुद्वारा होते हुए ब्यास नदी किनारे स्थित सड़क के साथ बाढ़ नियंत्रण के लिए उचित कदम उठाने के लिए आईपीएच विभाग सर्वेक्षण करवा रहा है। जिसका विस्तृत प्रारूप बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। मंगलवार को एक निजी कंपनी की ओर से सड़क किनारे ब्यास नदी की ओर सर्वेक्षण का यह कार्य आरंभ हुआ।
पिछली बरसात के समय ब्यास नदी में आई बाढ़ का पानी इस संपर्क मार्ग पर भी आ गया था और इससे सड़क को काफी नुकसान हुआ था। अब ऐसे उपाय किए जा रहे हैं कि आगे से नदी का पानी सड़क को कोई नुकसान न पहुंचा सके। आईपीएच विभाग के एसडीओ राजेश धीमान ने बताया कि विभाग की ओर से यह सर्वेक्षण करवाया जा रहा है। इसकी विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। उसके बाद नदी किनारे बाढ़ नियंत्रण के लिए किए जाने वाले उपायों पर विचार होगा। उन्होंने बताया कि आगे से सड़क मार्ग को बाढ़ से बचाने के लिए उचित कदम उठाने के लिए ही यह सर्वेक्षण करवाया जा रहा है।