जाहू (हमीरपुर)। प्रदेश कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने भोरंज विधानसभा क्षेत्र से स्वतंत्रता सेनानी लाला भगत राम कड़ोहता के पौत्र अतुल कड़ोहता को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का सचिव बनाया है। अतुल कड़ोहता दूसरी बार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव बने हैं। इससे पहले पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह की टीम में भी सचिव के पद पर कार्य कर चुके है। अतुल कड़ोहता की इस ताजपोशी से आरक्षित विधानसभा क्षेत्र भोरंज में कांग्रेस पार्टी को मजबूती मिलेगी तथा कांग्रेस पार्टी का जनाधार बढ़ेगा।
इससे पहले अतुल एनएसयूआई के प्रदेश सचिव, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष, प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी की टीम में राज्य समन्वयक के पद पर कार्य कर चुके हैं। कई वर्षों से कांग्रेस पार्टी के सक्रिय संगठनों में कार्य करने वाले अतुल पंचायती राज विभाग में खरवाड़ वार्ड के जिला परिषद के पद पर भी जन सेवक के रूप में कार्य कर चुके हैं। नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अतुल कड़ोहता ने अपनी नियुक्ति पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार प्रकट करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए रात-दिन कार्य किया जाएगा।