नादौन (हमीरपुर)। डाइट हमीरपुर स्थित गौना करौर में एक पद पर दो प्रिंसिपल तैनात होने का विवाद खत्म हो गया है। प्रदेश शिक्षा विभाग ने शिमला से ट्रांसफर होकर आए राजेंद्र पाल को ही डाइट गौना करौर का प्रधानाचार्य नियुक्त किया है। इस पद पर पहले जगदीश कौशल सेवारत थे। लेकिन मार्च माह में उनके तबादला आदेश शिमला के लिए हुए।
तबादला आदेश जारी होने के बाद कौशल ने ट्रिब्यूनल से स्टे ले लिया था। जिसके बाद प्रिंसिपल राजेंद्र पाल प्रदेश उच्च न्यायालय चले गए। 27 नवंबर को प्रदेश हाईकोर्ट ने शिक्षा सचिव को एक हफ्ते के भीतर उचित निर्णय लेने के आदेश दिए थे। जिसके बाद प्रदेश शिक्षा सचिव डॉ. अरुण कुमार शर्मा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रिंसिपल जगदीश कौशल क्लास प्रथम अधिकारी हैं और उनका स्टेट काडर होने के कारण उन्हें प्रशासनिक ग्राउंड व पब्लिक इंट्रस्ट में प्रदेश में कहीं भी स्थानांतरित किया जा सकता है। इसलिए इन सभी पहलुओं को मद्देनजर रखते हुए 13 मार्च 2018 के स्थानांतरण आदेशों में कोई बदलाव न करते हुए जगदीश कौशल को शिमला के सीनियर सेकेंडरी स्कूल खनेरी सधोच स्थानांतरित किया गया है। जबकि प्रिंसिपल राजेंद्र पाल डाइट हमीरपुर स्थित गौना में बतौर प्रिंसिपल अपने सेवाएं जारी रखेंगे। बता दें कि नौ महीनों से यह मामला अधर में लटका था। दोनों प्रधानाचार्यों के बीच झगड़े का मामला पुलिस थाना नादौन से लेकर शिक्षा विभाग तक पहुंच चुका था। लेकिन अब नये आदेशों के बाद डाइट में सेवारत स्टाफ को भी राहत मिलेगी। उधर, शिक्षा सचिव डॉ. अरुण कुमार शर्मा ने कहा कि राजेंद्र पाल ही डाइट गौना करौर के प्रधानाचार्य होंगे। इस संदर्भ में नये आदेश जारी कर दिए हैं।