बिझड़ी (हमीरपुर)। विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की धर्मशाला रैली में भीड़ जुटाने के लिए भाजपा नेताओं की ओर से सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों पर दबाव बनाना घटिया राजनीति को दर्शाता है। रैली के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भीड़ इकट्ठा करने के लिए बाध्य कर लोगों को धर्मशाला पहुंचाया गया। विधायक लखनपाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री हिमाचल के धर्मशाला में पधारे। जिसका हम स्वागत करते हैं, लेकिन बड़सर विधानसभा में भाजपा के नेताओं ने प्रधानमंत्री की इस रैली के लिए सरकारी तंत्र के अधिकारियों और कर्मचारियों पर दबाव बनाकर भीड़ एकत्रित करने का जिम्मा सौंपा। जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि 27 दिसंबर को कौन अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी पर था और कौन नहीं, उनकी छुट्टी के कारणों का विवरण भी मांगा जाएगा। उन्होंने नियमों की अवहेलना पर अधिकारियों और भाजपा नेताओं की इस कार्यप्रणाली के खिलाफ कोर्ट में जाने की बात कही है।