हमीरपुर। भारतीय शिक्षण मंडल एवं स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान से वर्तमान आर्थिक परिदृश्य और स्वरोजगार की संभावनाएं विषय पर हमीरपुर में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संगठक कश्मीरी लाल ने बतौर मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने की। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर शैक्षणिक अधिष्ठाता एवं भारतीय शिक्षण मंडल के प्रांत संयोजक प्रो कुलभूषण चंदेल ने अतिथियों का स्वागत किया। बंसल ने कहा कि संस्कृति और संस्कार एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। स्वदेशी समाज राष्ट्र के उत्थान का मूल मंत्र है।
स्वदेशी आज के परिवेश में बेरोजगारी का समाधान है। मुख्यातिथि ने कहा कि वर्तमान में नौकरियों के अवसर लगातार कम हो रहे हैं। हम रोजगार तीन क्षेत्रों में खोजते हैं। पहला रोजगार सरकारी क्षेत्र में जहां संभावनाएं लगातार कम हो रही हैं। दूसरी ओर हम रोजगार बहुउद्देशीय कंपनियों में खोजते हैं। आज बहुउद्देशीय कंपनियां मात्र चार फीसदी रोजगार दे पा रही हैं। जबकि तीसरा रोजगार विदेशों में नौकरी पाने के लिए रहता है। कश्मीरी लाल ने कहा कि तीनों क्षेत्रों में रोजगार कम होते जा रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देकर युवाओं को प्रेरित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नरोत्तम ठाकुर, प्रो. विनय चौहान, गौतम कश्यप, राजेंद्र पाल, राजकुमार गौतम के अलावा लगभग 70 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।