हमीरपुर। मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के अंतर्गत जिलास्तरीय समिति की मीटिंग वीरवार को उपायुक्त डॉ. रिचा वर्मा की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय में हुई। उद्योग विभाग की ओर से बैठक में उद्योगों के लिए 18 आवेदन रखे गए थे। जिनका जिलास्तरीय समिति की ओर से अध्ययन करने के बाद मौके पर अनुमोदन किया गया। इन उद्योगों में लगभग 3 करोड़ 65 लाख का कुल निवेश प्रस्तावित है। उद्योगों के लिए उद्योग विभाग की ओर से 61 लाख की सब्सिडी दी जाएगी।
उपायुक्त डा. वर्मा ने जिले के बैंक प्रबंधन को हिदायत देते हुए कहा कि बैंक इस योजना के तहत आने वाले आवेदनों को शीघ्रता से ऋण दें। बैठक में उद्योग विभाग के महाप्रबंधक विजय चौधरी ने मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के बारे में बताया। कहा कि योजना के लिए 18 से 35 वर्ष का हिमाचली युवक एवं युवती पात्र हैं तथा किसी भी विनिर्माण क्षेत्र या अधिसूचित सेवा क्षेत्र में अपना उद्योग लगा सकता है। इस योजना के अंतर्गत कुल 50 लाख तक के निवेश पर 40 लाख के उपकरण पर 25 से 30 फीसदी (महिलाओं के लिए) अनुदान उपलब्ध है। उत्पादन में आने के बाद 40 लाख तक के ऋण पर 5 फीसदी का ब्याज अनुदान भी उद्योग को दिया जाएगा। अगर उद्यमी उद्योग लगाने के लिए निजी भूमि खरीदता है तो उस पर स्टांप ड्यूटी केवल 3 फीसदी ही लगेगी। औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध जमीन भी मौजूदा रेट के 50 फीसदी पर दी जाएगी। योजना में आवेदन करने के लिए प्रार्थी उद्योग विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना का आवेदन पत्र ऑनलाइन भरकर तथा आधार कार्ड, फोटो एवं प्रोजेक्ट रिपोर्ट अपलोड करनी होंगी। अधिक जानकारी के लिए आवेदक जिला उद्योग केंद्र हमीरपुर में आकर महाप्रबंधक या परियोजना प्रबंधक या खंड विकास अधिकारी के कार्यालय में प्रसार अधिकारी (उद्योग) से मिल सकता है। बैठक में परियोजना प्रबंधक उद्योग प्रत्यूष चौहान, प्रसार अधिकारी परवेश, डाटा ऑपरेटर अक्षय आदि मौजूद रहे।