नादौन (हमीरपुर)। केंद्रीय विद्यालय के नए भवन को अतिशीघ्र भूमि उपलब्ध करवाकर इसका निर्माण कार्य शुरू करने के लिए नादौन के लोग और छात्रों के अभिभावकों का प्रतिनिधिमंडल रविवार को सांसद अनुराग ठाकुर से मिला।
इस दौरान एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री भी उपस्थित रहे। लोगों ने अनुराग ठाकुर से कहा कि करीब 25 वर्ष पहले नादौन में खोले गए केंद्रीय विद्यालय भवन के लिए प्रदेश सरकार द्वारा भूमि उपलब्ध करवाने का कार्य विभिन्न कारणों से लटका रहा। अब प्रदेश सरकार ने इसके लिए भूमि उपलब्ध करवाई तो इस भूमि में से फोरलेन सड़क गुजरने से फिर इसके निर्माण कार्य में रुकावट आ गई है। लोगों ने सांसद से केंद्रीय विद्यालय के लिए नादौन में ही जमीन उपलब्ध करवाने की मांग की। सांसद अनुराग ने कहा कि वह स्वयं व्यक्तिगत रूप से इस समस्या की तह तक जाकर इसका हल अति शीघ्र करवाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया केंद्रीय विद्यालय के नए भवन का निर्माण नादौन में ही करवाए जाने की कोशिश की जाएगी।