हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर की बैठक वीरवार को अध्यक्ष सुलोचना देवी की अध्यक्षता में हुई। इसमें सभी वार्ड पार्षदों और कार्यालय के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान एक नक्शा और वार्ड नंबर एक में निजी एजूकेशन सोसायटी खोलने के लिए एनओसी दी गई। मुख्य रूप से शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। शहर में डोर टू डोर कूड़ा उठाने और इसके पैसे लेने के निर्देश कर्मचारियों को दिए गए। क्योंकि वार्डों में कुछ लोग कूड़ा उठाने के पैसे नहीं देते हैं। इसके साथ ही पूरे शहर में बढ़ती सीवरेज लीकेज की समस्या को ठीक करने के लिए आईपीएच विभाग को निर्देश दिए गए। गलियों या सड़कों के किनारे पेयजल पाइपों से होती लीकेज पर भी चिंता व्यक्त की गई। बैठक में मौजूद आईपीएच विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि वह इस समस्या को नजरअंदाज न करें, इसे गंभीरता से लें और जल्द समस्या का समाधान करें।
सब्जी मंडी के पास तीन से चार दुकानों की मरम्मत करने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। नगर परिषद हमीरपुर के उपाध्यक्ष दीप बजाज ने कहा कि बैठक में दुकानों की सबलैटिंग होने के मुद्दे पर चर्चा की गई। इसके साथ बैठक में हमीर उत्सव को सफल बनाने के लिए सभी वार्ड पार्षदों से आह्वान किया गया। इस मौके पर ईओ विनोद कुमार शर्मा, वार्ड पार्षद अनिल कुमार, अनिल सोनी, रीता खन्ना, राजेश कुमार, अश्वनी शर्मा, मनोरमा लखनपाल, आशा रानी, वीना कुमारी, शकुुंतला देवी, संदीप भारद्वाज, मनोज कुमार, विधि चंद शर्मा, राजेंद्र आदि मौजूद रहे।