भोरंज(हमीरपुर)। उपमंडल की ग्राम पंचायत लगमन्वी में शराब ठेका खोलने के विरोध में महिलाएं लामबंद हो गई हैं। महिलाओं ने ठेका खोलने पर आपत्ति जताई है। इस बारे पंचायत की महिलाओं ने एक बैठक कर उग्र प्रदर्शन करने की योजना बनाई है। वहीं महिलाओं और पंचायत प्रतिनिधियों ने इस बारे एक प्रस्ताव पारित कर एसडीएम भोरंज को भी ज्ञापन सौंपा। महिलाओं का कहना है कि पंचायत क्षेत्र में किसी भी सूरत में शराब का ठेका खुलने नहीं दिया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रस्ताव की एक प्रति जिप सदस्य पवन कुमार को भी सौंपी है।
इस ठेके को लेकर बीते वर्ष भी पंचायत की महिलाओं ने प्रदर्शन किया था। महिलाओं का कहना है कि शराबियों के कारण बच्चों पर कुप्रभाव पड़ रहा है। वहीं ठेका खुलने से गांव की बहू बेटियों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। शराबी पूरा दिन ठेके के बाहर घूमते रहते हैं। इससे महिलाओं की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। ठेके के विरोध में गांव की 200 महिलाओं ने प्रस्ताव पारित किया है। इस मौके पर पंचायत प्रधान शकुंतला देवी, उपप्रधान मेहर सिंह, वार्ड सदस्य चंद्रकांता, मीना कुमारी, उमा कुमारी, रीना, महिला मंडल लगमन्वी की प्रधान बशंभरी देवी, सचिव प्रेम लता, सत्या देवी, वीना देवी, लता, मनोरमा, नीलम, निशा, रोशनी, पुष्पा, रमा कुमारी, प्रीति देवी, सीता देवी और अमृती देवी सहित अन्य मौजूद रहे।
एसडीएम भोरंज विजय कुमार का कहना है कि लगमन्वी पंचायत के प्रतिनिधियों, महिला मंडल सदस्यों और अन्य महिलाओं ने ठेके के विरोध में ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि मौके का निरीक्षण करने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।