हमीरपुर। कायाकल्प में बेहतर कार्य करने वालों को सांसद अनुराग ठाकुर सम्मानित करेंगे। इसके लिए प्रारंभिक तौर पर 26 फरवरी को हमीरपुर के जोनल अस्पताल में कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। केंद्र सरकार द्वारा जोनल अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सिविल अस्पतालों में स्वच्छता, इंनफेक्शन कंट्रोल, अस्पताल प्रबंधन तथा कूड़ा कचरा प्रबंधन के लिए कायाकल्प कार्यक्रम आरंभ किया गया है। इसकी नियमित तौर पर मॉनिटरिंग भी की जा रही है। उसी आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
अनुराग ठाकुर ने बताया कि केंद्र की मोदी सरकार ने 2015 में स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर स्वच्छता के लिए कायाकल्प कार्यक्रम आरंभ किया गया है। इसी कार्यक्रम में बेहतर स्वच्छता के लिए प्रदेश स्तर, जिला स्तर के स्वास्थ्य संस्थानों को नकद पुरस्कार भी दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि गत वर्ष हिमाचल में रिकांगपियो को पहला पुरस्कार कायाकल्प में मिला है। जिसमें पचास लाख का नकद पुरस्कार दिया गया है। हमीरपुर जोनल अस्पताल को तीन लाख का कायाकल्प पुरस्कार मिला है। सांसद अनुराग ठाकुर ने बताया कि हमीरपुर जिला में पीएचसी ऊहल को पहला कायाकल्प पुरस्कार दिया जाएगा, जिसमें दो लाख की नकद राशि प्रदान की जाएगी। दूसरा स्थान नाल्टी तथा गुब्बर पीएचसी को दिया जाएगा। जिसमें पचास-पचास हजार का नकद पुरस्कार का प्रावधान किया गया है।
ये लोग होंगे सम्मानित-
जोनल अस्पताल की मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि कायाकल्प के तहत जोनल अस्पताल हमीरपुर में 26 फरवरी को दोपहर दो बजे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को जोनल अस्पताल में सम्मानित किया जाएगा। जिसमें मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, एसएमओ डॉ. रमेश चौहान, मैट्रन वीना बन्याल, संजोगिता डोगरा, वार्ड सिस्टर अनिता, निर्मल सोनी, मीना चंदेल, राज शर्मा, कायाकल्प के जिला समन्वयक डॉ. आशीष ठाकुर, जगमोहन पठानिया, विशाल चौहान, मुख्य प्रयोगशाला तकनीशियन रमेश ठाकुर, मुख्य फार्मासिस्ट कुलदीप प्रकाश, चीफ रेडियोग्राफर अमी चंद को सम्मानित किया जाएगा।