हमीरपुर। स्कूल स्वच्छता पुरस्कार के लिए जिला के 214 स्कूलों ने आवेदन किया है। जिला के छह ब्लॉकों में से 118 प्राइमरी, 29 मिडल, 30 हाई और 37 सीनियर सेकेंडरी स्कूलों ने आवेदन किया है। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत स्वच्छता में अव्वल रहने वाले स्कूल पुरस्कृत होंगे। मार्च माह में इन आवेदन करने वाले स्कूलों का निरीक्षण विभाग की टीमें करेंगी। विभाग की टीमों में ब्लॉक ऑफिसर्स, पंचायतों के प्रधान और अध्यापक शमिल रहेंगे। ब्लॉक स्तर पर अव्वल रहे स्कूल को विभाग द्वारा 20 हजार का इनाम और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। वहीं दूसरे स्थान पर रहे स्कूल को दस हजार दिए जाएंगे। वहीं जिलास्तर पर विजेता रहे स्कूल को विभाग द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
ग्रामीण विकास विभाग ने स्वच्छ भारत अभियान ग्रामीण के तहत स्वच्छता का दावा करने वाले स्कूलों के लिए स्कूल स्वच्छता पुरस्कार योजना शुरू की है। इस योजना के तहत स्वच्छ स्कूलों को इनाम मिलेगा। इस दौरान पुरस्कार के लिए आवेदन करने वाले स्कूलों का निरीक्षण विभाग की टीमें करेंगी। निरीक्षण करने वाली टीमें स्कूलों में पेयजल, नालियों, सीवरेज, कूड़ा-कर्कट निपटान आदि की सुविधाएं जांचेगी। जांच पर खरा उतरने वाले स्कूलों की लिस्ट टीमों द्वारा तैयार की जाएंगी। लिस्ट में अव्वल रहने वाले स्कूलों को सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में जिला समन्वयक स्वच्छ भारत अभियान अनिल पटियाल का कहना है कि जिला के 214 स्कूलों के आवेदन स्कूल स्वच्छता पुरस्कार के लिए आए हैं। मार्च माह में आवेदन करने वाले स्कूलों का निरीक्षण विभाग की टीमों द्वारा किया जाएगा।