नादौन (हमीरपुर)। पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने सोमवार को नादौन में कानून व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध छेड़े गए अभियान के बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं। अधिकांश दुर्घटनाएं नशे में वाहन चलाने के कारण होती हैं। इन पर अंकुश लगाने के लिए अब वाहन के चालान के साथ-साथ वाहन चालक का लाइसेंस तीन माह के लिए जब्त कर लिया जाएगा। ठाकुर ने बताया कि शराब के अतिरिक्त नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाया गया है।
नादौन शहर में यातायात व्यवस्था को और अधिक बेहतर करने के लिए स्थानीय प्रशासन तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के साथ शीघ्र ही बैठक करके इसका उचित हल निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शहर में एनएच किनारे दुकानदारों की ओर से किए जा रहे अतिक्रमण पर चेतावनी दी है कि यातायात बाधित करने पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। सड़क सुरक्षा तथा नशे के विरुद्ध अभियान को और बेहतर करने के लिए स्कूली बच्चों को जागरूक करने की विशेष व्यवस्था की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने नादौन थाना का भी दौरा किया तथा पुलिस टीम के साथ बैठक करके यहां की स्थिति का जायजा लेकर उचित दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर थाना प्रभारी महेंद्र परमार, एसआई राजेश, कुलवंत सहित अन्य अधिकारी व पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।