हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर से मंगलवार को स्वाइन फ्लू का संदिग्ध मरीज टांडा रेफर हुआ है। हमीरपुर अस्पताल में उपचाराधीन व्यक्ति में स्वाइन फ्लू के लक्ष्ण पाए जाने पर चिकित्सकों ने उसे टेस्ट के लिए टांडा रेफर किया है। उधर, हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में स्वाइन फ्लू टेस्ट सुविधा न होने के कारण संदिग्ध मरीजों को टांडा या शिमला रेफर करना पड़ता है। मंगलवार को रेफर किया गया मरीज जिले के उपमंडल भोरंज का निवासी है। बीती 25 जनवरी को भी उपमंडल भोरंज की एक 58 वर्षीय महिला की टांडा में स्वाइन फ्लू से मौत हो गई है।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में जनवरी माह में करीब आधा दर्जन लोगों में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए। इनमें से पांच मरीज हमीरपुर अस्पताल में ही दवाइयों से ठीक हो गए जबकि, मंगलवार को आए 71 वर्षीय वृद्ध की तबीयत में सुधार न होने और उसमें स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने पर उसे टांडा रेफर किया गया है। जबकि, भोरंज अस्पताल से 23 जनवरी को रेफर हुई महिला की 25 जनवरी को मौत हो गई है। उधर, एमडी डॉ. अनुराग का कहना है कि मंगलवार को स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीज को रेफर किया गया है। अस्पताल में आध दर्जन मरीज संदिग्ध आए थे, इनमें से पांच ठीक हो गए हैं। जबकि एक को रेफर किया गया है। इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल वर्मा का कहना है अस्पताल में टेमीफ्लू उचित मात्रा में उपलब्ध है। लोगों को स्वाइन फ्लू के बारे में जागरूक भी किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से सावधानियां बरतने का आग्रह किया है।