भोटा (हमीरपुर)। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि मानवता की सेवा से बड़ा कोई धर्म और कार्य नहीं है। जो लोग पीड़ित मानवता के लिए कार्य कर रहे हैं, वे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। राज्यपाल शनिवार को हमीरपुर जिले के भोटा में सांसद मोबाइल स्वास्थ्य (एसएमएस) सेवा कार्यक्रम के सम्मान समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने सांसद अनुराग ठाकुर की ओर से एक स्थानीय गैर सरकारी संगठन प्रयास सोसायटी की मदद से सार्वजनिक स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम आरंभ करने के प्रयासों की सराहना की।
राज्यपाल ने कार्यक्रम के उद्देश्य जिसके तहत जिले के लोगों को उनके घर-द्वार के निकट निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है, इसे भी सराहा। उन्होंने कहा कि एसएमएस सेवा 40 अलग-अलग चिकित्सा प्रशिक्षणों के संचालन के लिए अति आधुनिक मोबाइल पैथोलॉजी प्रयोगशाला का उपयोग करती है और इसके माध्यम से लोगों को सभी प्राथमिक सेवाएं और दवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। राज्यपाल ने अनुराग ठाकुर की ओर से प्रदेश में वृहद स्तर पर खेल गतिविधियां सांसद स्टार खेल महाकुंभ आरंभ करने और सांसद देश भ्रमण योजना की भी सराहना की। राज्यपाल ने इस अवसर पर एसएमएस सेवाओं को बढ़ावा देने में कार्यरत पुरुषोत्तम ठाकुर समेत एक हजार से अधिक लोगों को भी सम्मानित किया। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि एसएमएस सेवा एक मोबाइल मेडिकल इकाई है, जो हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के दूरदराज गांवों में अपनी सेवाएं दे रही है। इस मौके पर विधायक कमलेश कुमारी, प्रयास सोसायटी के समन्वयक संजीव राजपूत, पूर्व विधायक बलदेव शर्मा, एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।