हमीरपुर। जिला रोजगार कार्यालय तथा सभी महाविद्यालयों में कॅरिअर काउंसलिंग सेल स्थापित किए जाएंगे ताकि, युवाओं को बेहतर भविष्य निर्माण के लिए मार्गदर्शन मिल सके। शुक्रवार को युवाओं के मार्गदर्शन के लिए गठित जिला स्तरीय मॉनिटरिंग काउंसलिंग कमेटी की समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। कॅरिअर काउंसलिंग सेल में कॅरिअर निर्माण से संबंधित पाठ्य सामग्री, साप्ताहिक रोजगार न्यूज पेपर, दैनिक न्यूज पेपर, एलसीडी तथा लैपटॉप उपलब्ध करवाया जाएगा।
जिला स्तर तथा उपमंडल स्तर पर भी कॅरिअर काउंसलिंग कमेटियां गठित की जा रही हैं। जिला स्तर पर उद्योग विभाग, बागवानी, कृषि, पशुपालन, पर्यटन, आयुर्वेद, स्वास्थ्य, तकनीकी शिक्षा, विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि तथा औद्योगिक इकाइयों के संचालकों को शामिल किया गया है। इन सभी विभागों के अधिकारियों को अपने अपने विभागों में स्वरोजगार से संबंधित स्कीमों एवं विभागों में रोजगार पाने की प्रक्रिया के बारे में आवश्यक बुकलेट तैयार की जाएगी ताकि, इस बारे में युवाओं को जानकारी दी जा सके। उपायुक्त रिचा वर्मा ने कहा कि कॅरिअर काउंसलिंग को लेकर प्रत्येक माह स्कूलों तथा महाविद्यालयों में दो कार्यक्रम आयोजित करने के दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं ताकि, ज्यादा से ज्यादा युवाओं को बेहतर कॅरिअर बनाने में मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि उपमंडल स्तर पर सभी एसडीएम इस कार्यक्रम की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे। समीक्षा बैठक में जिला रोजगार अधिकारी योगराज धीमान ने काउंसलिंग कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी तथा कॅरिअर काउंसलिंग के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर एडीसी रतन गौतम, एसडीएम दिले राम धीमान, एसडीएम शिव देव, एसडीएम संदीप सूद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।