भजन-कीर्तन के साथ रविदास को किया याद
शोभायात्रा के साथ जिला के विभिन्न स्थानों पर मनाई गई गुरु रविदास जयंती
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। जिला के विभिन्न स्थानों पर गुरु रविदास जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर कई गांवों में भंडारे भी लगाए गए। उपमंडल की जाहू पंचायत के हौड गांव में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इस मौके पर भंडारे का भी आयोजन किया गया। संत शिरोमणि रविदास महासभा हमीरपुर ने रविदास जयंती पर जिला मुख्यालय में शोभायात्रा निकाली। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव रविदास महासभा ओंकार सिंह भाटिया ने कहा कि समूचे हिमाचल प्रदेश में 300 से अधिक रविदास जयंती के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन किया।
उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब रविदास महासभा के सौजन्य से ग्रामीण स्तर पर भी भारी संख्या में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में रविदास महासभा हमीरपुर इकाई के प्रधान धनीराम तथा एसवीओ संगठन के प्रदेश प्रधान संजीव नागवान एवं जय भीम युवा मंडल के प्रधान पवन शाह सफल डोगरा चुनीलाल, उत्तम चंद, विपन कुमार, रघुनाथ आदि साथियों ने गुरु महाराज को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। ग्राम पंचायत डिडवीं टिक्कर के कदरियाणा गांव में गुरु रविदास जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर विधायक नरेंद्र ठाकुर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर ग्रामीणों ने विधायक को गुरु रविदास की तस्वीर देकर सम्मानित किया।