नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव बताए
कश्मीर स्कूल का वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया, मेधावी बच्चे नवाजे
अमर उजाला ब्यूरो
गलोड़(हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कश्मीर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में पूर्व प्रधानाचार्य ध्रुव सिंह राणा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रधानाचार्य कुलभूषण राकेश ने मुख्यातिथि को शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर स्कूली बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में नाटक के माध्यम से उपस्थित लोगों को जानकारी दी। प्रधानाचार्य ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। इस मौके पर मुख्यातिथि ने कहा कि शिक्षा के बिना इंसान अधूरा है।
उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ साथ संस्कारवान चरित्रवान भी बनाना होगा। मुख्यातिथि ने स्कूल के मेधावी बच्चों को स्मृति चिन्ह और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यातिथि ने स्कूल के विकास के लिए 11000 रुपये अपनी ओर से भेंट किए। इस मौके पर पुष्पा देवी, मीना देवी, भवानी सिंह ठाकुर, बलदेव दास, विद्या प्रकाश, पंचायत प्रधान सरला राणा, जगरनाथ धीमान, प्रवक्ता सुभाष कौशल, राजेंद्र, विकास ठाकुर, एसएमसी प्रधान नसीब सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।