हमीरपुर। एचआईवी-एड्स के खिलाफ जागरूकता अभियान को मजबूती देने के लिए जिले के 35 रेड रिबन क्लबों से जुड़े 105 लोग शिक्षण संस्थानों में जागरूकता के प्रहरी बनेंगे। ये विद्यार्थी और शिक्षक एचआईवी-एड्स से बचाव, सुरक्षित व्यवहार और इससे जुड़े भ्रमों को दूर करने के लिए अभियान चलाएंगे।
एड्स नियंत्रण एवं जागरूकता कार्यक्रम के तहत हमीरपुर में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इसमें मेडिकल कॉलेज, आईटीआई सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षु और अध्यापकों ने भाग लिया।
प्रतिभागियों को एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, बचाव के उपाय और भ्रांतियों को दूर करने के तरीकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागी अपने संस्थानों में रैली, संगोष्ठी और पोस्टर प्रतियोगिता जैसी जागरूकता गतिविधियों का आयोजन करेंगे।
प्रत्येक रेड रिबन क्लब को प्रतिवर्ष 7,500 रुपये की सहायता राशि दी जाती है, जिसका उपयोग प्रचार सामग्री और जागरूकता कार्यक्रमों के लिए किया जाएगा।
जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने में मदद मिलेगी।