खेल में हारने पर मनोबल न गिराएं खिलाड़ी : अत्री
सुजानपुर कॉलेज में एथलेटिक मीट में खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित
अमर उजाला ब्यूरो
सुजानपुर (हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय सुजानपुर में शुक्रवार को वार्षिक एथलेटिक मीट का आयोजन किया गया। एकदिवसीय प्रतियोगिता के शुभारंभ पर प्रदेश युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान में भाजपा सह प्रवक्ता नरेंद्र अत्री ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने खेल के उत्थान में बेहतर कार्य करते हुए पूरे देश में प्रदेश का नाम रोशन किया है। खेल महाकुंभ के आयोजन के बाद प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का जो अवसर युवा सांसद ने दिया है, वह काबिले तारीफ है।
इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मुख्यातिथि ने खिलाड़ियों से खेल को खेल की भावना से खेलने का आह्वान किया। मैदान में जब दो खिलाड़ी उतरते हैं तो वह दोनों ही जीतने के लिए जी-जान लगा देते हैं लेकिन, जीत केवल एक को नसीब होती है। जो खिलाड़ी हार स्वीकार करता है वह उस हार से बहुत कुछ सीखता है। ऐसे में आज इस प्रतियोगिता में अगर जो खिलाड़ी हारते हैं तो वह अपना मनोबल न गिराएं और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए लगातार मेहनत और प्रयास करें। उधर, महाविद्यालय के प्राचार्य अनिल गौतम ने बताया कि एक दिवसीय एथलेटिक मीट के विजेता छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर युवा मोर्चा के अध्यक्ष जगन कटोच विशेष रूप से उपस्थित रहे।