टौणी देवी (हमीरपुर)। बीडीओ आवास टौणीदेवी के बाहर खोले गए शराब के ठेके को हटाने के लिए ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल वीरवार को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से मिला। ग्रामीणों ने विरोध के बावजूद कस्बे में ठेका खोलने पर आबकारी विभाग के खिलाफ रोष जताया। ठेके के लिए इस स्थल को प्रशासन भी मनाही कर चुका था लेकिन, प्रशासन के आदेशों की अवहेलना करते हुए एक्साइज विभाग ने इसे जबरन खोल दिया। ग्रामीणों में बीडीसी सदस्य प्रेम लता, पूर्व प्रधान मदन लाल, जगदीश चौहान, ज्ञान चंद चौहान, पुन्नू राम, नीलम संजीव, मीरां देवी, प्रतिभा कुमारी, पानो देवी, शीला देवी, कृष्णी देवी, माया देवी, सतीश कुमार, आशा देवी, सुभाष चंद, अरुणा देवी, निक्का राम, अमित कुमार, रंजीत सिंह, प्यार चंद, रोशन लाल, प्रकाश चंद, सरोतां देवी, रमेश चंद, सुरेश कुमार सहित अन्य का हस्ताक्षरित मांग पत्र सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि टौणी देवी में ठेका बाजार में उपयुक्त स्थान पर खोला जाना चाहिए लेकिन, विवादित स्थल पर जोरदार विरोध के बावजूद आबकारी एवं कराधान विभाग ने अपनी मर्जी से रातों रात ठेके को बीडीओ आवास के पास खोल दिया। जिससे आसपास के परिवारों को दिक्कत हो रही है। तहसील और बीडीओ कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। सुबह से रात तक बीडीओ परिसर से होकर लोग शराब लेने जा रहे हैं। तीन बार पहले भी ठेके को यहां पर खोलने से बंद करवाया गया। ग्रामीणों ने तुरंत ठेके को यहां से बदलने की मांग की है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने ग्रामीणों की समस्या को सुना तथा इसे हल करने के लिए उपायुक्त और एसडीएम को निर्देश जारी किए।