हमीरपुर। टाउन हाल हमीरपुर में वीरवार को सर्व कल्याणकारी संस्था के जिलास्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों की तादाद में संस्था के सक्रिय कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, पूर्व सैनिकों, महिला मंडलों के प्रतिनिधियों और पंचायती राज संस्थाओं ने भाग लिया। सम्मेलन की अध्यक्षता संस्था के चेयरमैन और सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सर्व कल्याणकारी संस्था का वार्षिक समारोह 25 नवंबर रविवार को ऐतिहासिक नगरी सुजानपुर के चौगान में सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में देश, प्रदेश और जिले की उन विभूतियों को शान-ए-हिंद, शान-ए-हिमाचल और हमीर गौरव अवार्ड से अलंकृत किया जाएगा जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए देश, प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया है। इन विभूतियों के चयन के लिए संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष खुशहाल जगोता की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय समिति गठित की गई है। राजेंद्र राणा ने सभी से आह्वान किया कि वे इन पुरस्कारों के लिए पात्र लोगों के नामों की अनुशंसा कमेटी के समक्ष करें।
राजेंद्र राणा ने नई जिम्मेदारियां सौंपी
इस जिला स्तरीय जनरल हाउस में कई महानुभावों को संस्था की नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। राजेंद्र राणा ने मत्ती टीहरा बीडीसी सदस्य कृष्ण कुमार को संस्था की जिला हमीरपुर इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष, रिटायर्ड तहसीलदार सुरेश पटियाल को उपाध्यक्ष, पंचायत प्रधान सुदर्शन शर्मा को उपाध्यक्ष, हाल ही में नगर परिषद के युवा पद से रिटायर हुए विजय शर्मा और राकेश राणा को संस्था का जिला सचिव तथा जोगिंदर ठाकुर को संस्था के राष्ट्रीय प्रवक्ता के साथ-साथ मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी। सर्व कल्याणकारी संस्था के युवा संपर्क विंग के संयोजक अभिषेक राणा ने युवा संपर्क विंग के 3 जिलों के अध्यक्ष नियुक्त किए। नरेंद्र शर्मा को संस्था के युवा संपर्क विंग का जिला मंडी का अध्यक्ष, अनीश उर्फ अन्नू को बिलासपुर का अध्यक्ष और बुद्धि सिंह को जिला हमीरपुर का दायित्व सौंपा गया।