हमीरपुर। जिला हमीरपुर में बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूल समयसारिणी में बदलाव कर दिया है। शनिवार से जिला के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूल सुबह साढ़े सात बजे खुलेंगे। विद्यार्थियों को दोपहर साढ़े बारह बजे स्कूल से छुट्टी होगी।
इससे पहले जिला में स्कूल का समय सुबह नौ बजे से तीन बजे तक था लेकिन पिछले कुछ दिनों से जिला में भारी गर्मी के चलते तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। भीषण गर्मी के चलते अभिभावक शिक्षा विभाग से स्कूल समय में बदलाव की मांग कर रहे थे। अभिभावकों का कहना है कि उनके बच्चों को दिन में गर्मी के कारण कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर उस समय परेशानी और भी बढ़ जाती है, जब बिजली गुल हो जाती है और पंखे काम करना बंद कर देते हैं। बच्चों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने अब शनिवार से समय में बदलाव के आदेश जारी कर दिए हैं। उधर, उच्चतर शिक्षा विभाग के उपनिदेशक सोमदत्त सांख्यान ने कहा कि शनिवार से स्कूल सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर साढ़े बारह बजे तक खुलेंगे। वहीं उपायुक्त हमीरपुर डॉ. रिचा वर्मा ने कहा कि जिला के समस्त स्कूलों के समय में गर्मी के चलते बदलाव किया गया है। इस बारे में प्रारंभिक शिक्षा और उच्चतर शिक्षा विभाग को सूचना भेज दी गई है।